
सोनभद्र । मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शनिवार को जिले की तहसीलों में पिंक समाधान दिवस एवं संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडलायुक्त मीरजापुर, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज तहसील में संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने विशेष रूप से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पीड़ित महिलाओं को त्वरित एवं न्यायोचित सहायता उपलब्ध कराई जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही जनशिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने घोरावल तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जनसुनवाई की। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।भूमि विवाद और अन्य राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर जांच करें और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करें। इसका उद्देश्य फरियादियों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल की संबंधित तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। इस दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनकर पुलिस विभाग से जुड़े मामलों के त्वरित और नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए गए।सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के साथ आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई।




