
सोनभद्र। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को सोनभद्र के रामलीला मैदान में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने तथा संगठन के पक्ष में माहौल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक भूपेश चौबे तथा स्नातक-शिक्षक चुनाव के जिला प्रभारी शंभू नारायण सिंह मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को टोली बनाकर स्नातक और शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क करने का निर्देश दिया। साथ ही मतदाताओं को चुनाव के प्रति जागरूक करने और संगठन की विचारधारा एवं कार्यों से अवगत कराने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अहम है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और आपसी समन्वय के साथ चुनावी अभियान को आगे बढ़ाएं। उन्होंने आगामी 23 तारीख को होने वाले स्नातक-शिक्षक चुनाव में पार्टी की जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।बैठक के दौरान चुनाव की तैयारियों, मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने पर विशेष चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने और पार्टी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रकाश केशरी, संदीप चंदेल, बलदेव सिंह, सुबोध अग्रवाल, रमेश जायसवाल, बलराम सोनी, जिला सह मीडिया प्रभारी अमन मौर्या, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, धीरेन्द्र पांडेय, अनुराग बंटी, प्रकाश श्रीवास्तव, लालू सोनी, आशीष केशरी, अमरनाथ वर्मा, धर्मवीर त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




