
सोनभद्र । शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को पुलिस लाइन चुर्क में महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 39 महिलाओं और खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पांच महिला पुलिसकर्मियों समेत कुल 44 महिलाओं को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा उपस्थित रहे। सम्मानित होने वाली महिलाओं में महिला पुलिसकर्मियों के अलावा वन विभाग की महिला कर्मचारी, स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बाल कल्याण विभाग की कर्मचारी, ग्राम पंचायत प्रशासक, पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत सहायक और महिला अध्यापक सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, नारी सम्मान और समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया। अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा। साथ ही महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का प्रयास किया गया।जनपद पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों के जरिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।





