
सोनभद्र। जिले में महिला वर्ग को मत्स्य पालन के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए मत्स्य विभाग की ओर से विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक एवं पात्र महिला आवेदक 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।सहायक निदेशक मत्स्य, सोनभद्र ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाओं को विभागीय पोर्टल https://fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजना के अंतर्गत परियोजना का विवरण, इकाई लागत, आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई हैं।उन्होंने बताया कि आवेदन करने से पहले इच्छुक महिलाएं पोर्टल पर जारी विज्ञापन और दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह अवलोकन कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निर्धारित समयावधि के भीतर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।योजना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक आवेदक सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, द्वितीय तल, विकास भवन, सोनभद्र में संपर्क कर सकते हैं। मत्स्य विभाग ने पात्र महिला आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का अवसर प्राप्त करें।




