
सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करते हुए आशा विश्वकर्मा को सोनभद्र का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी सूची में उनके नाम की घोषणा की गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से जारी सूची में काशी क्षेत्र के 12 जिलों की महिला मोर्चा जिलाध्यक्षों के नाम शामिल हैं।आशा विश्वकर्मा की नियुक्ति की जानकारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठनात्मक बदलाव का हिस्सा बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा की गतिविधियों को गति मिलेगी और अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।जिलाध्यक्ष आशा विश्वकर्मा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।उन्होंने कहा कि महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने, उनके अधिकारों एवं सम्मान से जुड़े मुद्दों को उठाने तथा महिला कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही जिले में महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।आशा विश्वकर्मा ने वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा जताया।




