यूपीसोनभद्र

एमएलसी विनीत सिंह ने किया ड्रीमलैंड दुबई वर्ल्ड मेले का उद्घाटन, झूले और जलपरी आकर्षण का केंद्र

दुबई थीम मेले से सोनभद्र में मनोरंजन और खरीदारी का नया आकर्षण

सोनभद्र।रॉबर्ट्सगंज नगर के हाईडिल मैदान में रविवार की देर शाम ड्रीमलैंड दुबई वर्ल्ड थीम मेले का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विनीत सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में आयोजकों ने बुके भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद एमएलसी ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न झूलों, खानपान के स्टॉल और खरीदारी के लिए लगाई गई दुकानों का जायजा लिया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में एमएलसी विनीत सिंह ने सोनभद्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र प्रदेश के बड़े जिलों में शामिल है और यहां पर्यटन को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर प्रयास होने से जिले की पहचान को नई दिशा मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जिले के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही।आयोजकों के मुताबिक, सोनभद्र में पहली बार दुबई थीम पर आधारित ड्रीमलैंड दुबई वर्ल्ड मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए गगनचुंबी झूले, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, शॉपिंग बाजार और खानपान के विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। जलपरी का विशेष आकर्षण लोगों को अपनी ओर खींचने के लिए तैयार किया गया है। वहीं, शिमला थीम पर आधारित सजावट मेले की खूबसूरती बढ़ा रही है।मेले में राष्ट्रीय हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा उत्पादों की दुकानें भी लगाई गई हैं, जहां लोग विभिन्न प्रकार के उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।

बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-छोटे झूलों और घूमने वाली गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा चटपटे व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां परिवार के साथ आने वाले लोग खानपान का आनंद ले सकते हैं।आयोजकों को उम्मीद है कि ड्रीमलैंड दुबई वर्ल्ड मेला नगरवासियों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी मनोरंजन और खरीदारी का प्रमुख केंद्र बनेगा। अलग-अलग थीम, आकर्षक झूलों और बाजार की व्यवस्था के चलते मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मनोरंजन के कई विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!