
सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज नगर के शिवाजी मिनी स्टेडियम में शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छोटे बच्चों को अन्न ग्रहण कराया गया और उनके स्वस्थ एवं बेहतर विकास की कामना की गई। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को बच्चों की निर्धारित उम्र के बाद ऊपरी आहार शुरू कराने, भोजन में पौष्टिक एवं संतुलित खाद्य पदार्थ शामिल करने तथा भोजन से पहले और बाद में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी। बताया गया कि जीवन के शुरुआती वर्षों में मिलने वाला संतुलित पोषण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव तैयार करता है।कार्यक्रम के दौरान पोषाहार से तैयार किए जाने वाले विभिन्न व्यंजनों की जानकारी भी दी गई। अभिभावकों को स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बच्चों के भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि बच्चों को पर्याप्त पोषण मिल सके और कुपोषण की स्थिति से बचाया जा सके।जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।




