अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ

रॉबर्ट्सगंज। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को मेडिकल कॉलेज में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने किया। अभियान आगामी 12 अक्टूबर तक सघन रूप से चलाया जाएगा।कार्यक्रम के तहत 200 ग्राम पंचायतों, 15 डिग्री कॉलेजों, 60 हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही रैली, रोडवेज एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों समेत कुल 750 कर्मचारियों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया जाएगा।जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिंद ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी तथा समस्त एनएसीपी स्टाफ को माइक्रो प्लान तैयार कर प्रभावी ढंग से जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में डॉ. जी.एस. यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. वी.के. श्रीवास्तव, डॉ. गणेश प्रसाद, ओम प्रकाश, सीएसओ दिशा मिर्जापुर, सुनील कुमार श्रीवास्तव, सतीश चंद्र सोनकर, अभिमन्यु दुबे, अमित शुक्ला, शिव शंकर, वाचस्पति, विजय, हरिमोहन एवं सावेज़ सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




