
सोनभद्र। ई-रिक्शा संचालन पर लगाई गई रोक और चालकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों ई-रिक्शा चालकों ने चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान चालकों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूर्व की भांति धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग की।

पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि ई-रिक्शा चालक बैंक से ऋण लेकर वाहन खरीदते हैं और इसी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाए जाने से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। चालकों को बैंक की किस्तें चुकाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसका असर आम जनता पर भी पड़ रहा है, क्योंकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दोहरा किराया देना पड़ रहा है।

ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि पूर्व में वे धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलती थी। लेकिन वर्तमान में उन्हें रॉबर्ट्सगंज से आगे जाने से रोका जा रहा है। इससे यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है।

इस मौके पर पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने कहा कि संबंधित मार्ग पर अन्य बड़े वाहन और निजी बसें भी संचालित होती हैं। सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके बावजूद ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से सभी वाहन चालकों के साथ समान व्यवहार करने की मांग की।

ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि उनकी आजीविका और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों के अनुसार वाहन चलाने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। चालकों ने समस्या का निष्पक्ष समाधान कर राहत दिलाने की अपील की।




