यूपीसोनभद्र

बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत में 15 यात्री घायल, चालक केबिन में फंसा

घंटों की मशक्कत के बाद बस चालक को निकाला गया बाहर, छह गंभीर घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर अफजल मास्टर के घर के पास बुधवार को प्राइवेट बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत करीब 15 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अपनी सीट पर ही फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर संचालित प्राइवेट बस बभनी थाने की तरफ से बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के कारण बस चालक की तरफ का दरवाजा ट्रक में फंसकर उखड़ गया, जिससे चालक केबिन में ही फंस गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही बभनी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। घायलों में छह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, छत्तीसगढ़ निवासी घायल जगदीश को उनके परिजन अपने साथ छत्तीसगढ़ लेकर चले गए। अन्य घायलों का उपचार जारी है।हादसे में घायल रामअवतार (51) निवासी कोटा, अंजू (23) निवासी बीजपुर, मुन्नी देवी (40) निवासी सेंदुर, पानपति (60) निवासी भंवर, आशा (19) निवासी सेंदुर, मनोहर (35) निवासी बरवाटोला, सरोज देवी (57) निवासी चपकी, रमेश कुमार (50) निवासी रजखड़ दुद्धी, खुशबू (36) निवासी बीजपुर, रूपकुमारी (50) निवासी महरीकला, निलेश ठाकुर (22) निवासी बरती छत्तीसगढ़, दादूलाल (65) निवासी किरबिल, रामप्रवेश (35) निवासी चाचीकला, रामकेश (50) निवासी काचन तथा बस चालक गौरी खान (50) निवासी चपकी शामिल हैं।उधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!