
सोनभद्र। स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सोनभद्र के आदिवासी नायकों को अब तक उचित सम्मान नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने उनके गांवों में मूर्ति स्थापित करने और स्मारक निर्माण की मांग की है। बुधवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से मुलाकात कर इस संबंध में पत्रक सौंपा। पत्रक की एक प्रति सांसद छोटेलाल खरवार को भी उचित कार्रवाई के लिए भेजी गई है।संगठन ने पत्रक के माध्यम से बताया कि बभनी ब्लॉक के घघरा गांव के शनिचर खरवार और चौवना गांव के रामेश्वर खरवार ने देश की आजादी के आंदोलन में भाग लिया था। स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा था और अंग्रेजों ने उन पर जुर्माना भी लगाया था। इसके बावजूद इन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को आज तक वह सम्मान नहीं मिल सका, जिसके वे हकदार हैं।ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने कहा कि इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष से परिचित कराने के लिए उनके गांवों में मूर्तियां स्थापित कर स्मारक बनाए जाने चाहिए। इस मांग को लेकर पूर्व में मुख्यमंत्री से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक पत्रक दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि घघरा और चौवना गांव के ग्राम प्रधानों तथा भूमि प्रबंधन समितियों ने स्मारक निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव भी पारित कर दिया है। ऐसे में संगठन का कहना है कि निर्माण कार्य में कोई विधिक बाधा नहीं है। प्रशासन को आवश्यक धनराशि स्वीकृत कराकर जल्द से जल्द स्मारकों का निर्माण शुरू कराना चाहिए प्रतिनिधिमंडल ने घघरा ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान और सेक्रेटरी पर सरकारी धन के गबन का मामला भी जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया। संगठन ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन की ओर से गबन के चार लाख रुपये की वसूली का आदेश दिया गया था। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इस आदेश को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए सरकारी धन की तत्काल वसूली कराई जाए।इस दौरान ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिलाने और सरकारी धन की वसूली के मामलों में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।प्रतिनिधिमंडल में संगठन के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार, घोरावल संयोजक श्रीकांत सिंह और बभनी संयोजक देव कुमार खरवार शामिल रहे।




