
सोनभद्र । मारवाड़ी युवा मंच की ओर से रविवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित राजस्थान भवन में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर आरती की गई। उपस्थित लोगों ने उन्हें नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज की एकजुटता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष रवि केजरीवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती अग्रवाल समाज के लिए विशेष महत्व रखती है। इस दिन समाज के लोग उनकी पूजा-अर्चना कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। महाराजा अग्रसेन के विचार आज भी समाज में आपसी सहयोग, समानता, भाईचारे और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात कर समाज के विकास और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उनके विचारों को जीवन में उतारकर समाज में सहयोग और समरसता की भावना को बढ़ावा दिया जा सकता है।वहीं, सचिन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनके विचारों और सिद्धांतों को अपनाकर सामाजिक एकता को मजबूत किया जा सकता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन, विचारों और आदर्शों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर रवि केजरीवाल, सचिन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, ऋतिक अग्रवाल, सिद्धार्थ सांवरिया, रमेश गोयल, अनिता थर्ड, सुनीता सांवरिया, पूनम केडिया और रुचि सांवरिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




