
सोनभद्र । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही हैं। इस दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम और महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न होने पर बिना भय के पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

वहीं अक्टूबर माह में विशेष साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत बच्चों, बालिकाओं और आमजन को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी जा रही है।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी कि अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करें। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

सोनभद्र पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए 112, 1090, 1091 और 181 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए आमजन से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।



