
सोनभद्र।प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को अपना आशियाना उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। औद्योगिक क्षेत्र, म्योरपुर एवं बभनी के चिह्नित 759 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी। जिन पात्र परिवारों के पास आवास बनाने के लिए जमीन नहीं है, उनके लिए भूमि चिह्नित कर आवंटन की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएगी।इस संबंध में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भूमि उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों के पास आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने और आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन लाभार्थियों को व्यक्तिगत रूप से भूमि उपलब्ध कराना संभव नहीं है, उनके लिए क्लस्टर आवास निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया जाए।क्लस्टर आवास के विकल्प पर काम करने से भूमि की उपलब्धता की समस्या का समाधान करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए संबंधित अधिकारी आवश्यक संभावनाओं का आकलन कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे पात्र परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




