
सोनभद्र ।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व संबंधी मामलों सहित अन्य समस्याओं को लेकर नागरिक पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाए। पीड़ितों को की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए, जिससे उन्हें अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी मिलती रहे। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना देरी आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्तर पर उत्पीड़न या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद मजबूत करने के लिए जरूरी है कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो और पीड़ितों को संतोषजनक समाधान मिले।




