
सोनभद्र । इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में संचालित 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ। इस अवसर पर अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह और सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम में अपर जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करें। ब्यूटी पार्लर से जुड़ा व्यवसाय शुरू कर युवा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। कौशल आधारित प्रशिक्षण रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता खोलता है।

35 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षार्थियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित व्यावहारिक और व्यावसायिक कौशल सीखने का अवसर मिला। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे स्वयं का ब्यूटी पार्लर स्थापित कर अपनी आजीविका शुरू कर सकते हैं।

आरसेटी की ओर से संचालित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को अपने हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।




