यूपीसोनभद्र

सीबीएसई नेशनल में नेशनल रेफरी बने रवि सिंह, सोनभद्र का बढ़ाया मान

पंजाब पुलिस के हेड कोच शिव कुमार और डॉ. जोसेफ लिम ने मंच पर किया सम्मानित

 

रेणुकूट (सोनभद्र)। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह ने सीबीएसई नेशनल ताईक्वानडो चैंपियनशिप-2026 में नेशनल रेफरी की भूमिका निभाकर सोनभद्र का मान बढ़ाया है। हरियाणा के पानीपत स्थित बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, जटल में 19 से 24 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता के दौरान रवि सिंह ने निष्ठा, निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों का संचालन किया। चैंपियनशिप के समापन अवसर पर पंजाब पुलिस के हेड कोच एवं महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी शिव कुमार ने मंच पर रवि सिंह को सम्मानित करते हुए उनके निर्णायक कार्य की सराहना की। शिव कुमार एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।इसी अवसर पर डॉ. जोसेफ लिम, चेयरमैन, 9 डैन कुक्कीवोन इंडिया नॉर्थ ब्रांच एवं सीनियर एडवाइज़र, कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया ने भी रवि सिंह से हाथ मिलाकर उन्हें सम्मानित किया। दोनों प्रतिष्ठित खेल हस्तियों से मिले सम्मान को रवि सिंह ने अपने लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण बताया।प्रतियोगिता के सफल संचालन में सीबीएसई स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर निखिल हंस, नेशनल ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी रवि कादयान और टूर्नामेंट डायरेक्टर सौरभ शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने कोच हरप्रीत सिंह और राकेश कुमार को दिया। गौरतलब है कि रवि सिंह विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप में भारत के लिए रजत पदक जीत चुके हैं और कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह एनआईएस कोच, नेशनल रेफरी और 4 डैन ब्लैक बेल्ट हैं।अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी के रूप में जिम्मेदारी निभाना उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रवि सिंह की उपलब्धि पर हिण्डालको रेणुकूट सहित सोनभद्र के खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!