विद्युत समस्याओं को लेकर व्यापार संगठन ने सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र:-उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह से मिलकर जिले की बिगड़ी विद्युत व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति, लो-वोल्टेज, जर्जर तारों और खराब ट्रांसफार्मरों की समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ समस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी किया गया।
जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती से पेयजल संकट, व्यापारिक नुकसान और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी जनता व व्यापारियों के फोन तक नहीं उठा रहे, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि पेटराहीं, परासी, निपराज, रघुनाथपुर, लसड़ा, ककारी, बड़कागांव सहित कई गांवों में अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल तकनीकी टीम भेजने की मांग की। वहीं राजू जायसवाल ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और प्रशासन, विद्युत विभाग व व्यापारियों की संयुक्त बैठक प्रतिमाह कराने की बात कही। प्रतिनिधिमंडल ने खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे में बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा नीचे लटक रहे जर्जर तारों को तत्काल ठीक कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में कौशल शर्मा, प्रशांत जैन, राजू जायसवाल, सिद्धार्थ सांवरिया, टीपू अली, विनय जायसवाल, दिनेश सिंह, प्रतीक केसरी व अभिषेक साहू मौजूद रहे।



