रामलीला मैदान में उमड़ा ब्राह्मण समाज, एकजुटता और भविष्य की रणनीति पर हुआ मंथन
विप्र समागम सहभोज में हजारों की सहभागिता, सामाजिक-राजनीतिक हालात पर खुलकर रखी गई बातें

सोनभद्र:-रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित रामलीला मैदान परिसर रविवार को ब्राह्मण समाज की अभूतपूर्व एकजुटता का साक्षी बना, जहां विप्र समागम सहभोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिले के कोने-कोने से आए हजारों की संख्या में समाजबंधुओं की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा मैदान जनसैलाब से भर गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सामाजिक मिलन तक सीमित न रहकर ब्राह्मण समाज की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर गंभीर मंथन करना तथा भविष्य की दिशा तय करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में समाज को विभिन्न स्तरों पर नजरअंदाज करने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे समाज में असंतोष की भावना पनपी है। ऐसे में संगठित होकर संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करना समय की आवश्यकता है।

वक्ताओं ने एकजुटता को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि जब समाज संगठित होगा, तभी उसके अधिकारों और सम्मान की रक्षा संभव है। कार्यक्रम में बुजुर्गों के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं और छात्रों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जो समाज में बढ़ती जागरूकता का संकेत है।समागम में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। साथ ही समाज की आर्थिक चुनौतियों, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में आयोजित सहभोज में हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिसे एकता, समानता और भाईचारे का प्रतीक बताया गया। आयोजकों ने इसे एक नई शुरुआत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में समाज के हित में और भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम मे विधायक भूपेश चौबे, पूर्व विधायक रमेश दुबे, पूर्व ब्लाक प्रमुख कमला कांत पांडेय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, धर्मवीर तिवारी, अजीत चौबे, अभिषेक चौबे एडवोकेट, जयप्रकाश उर्फ चेखुर पाण्डेय, ज्ञानेंद्र उर्फ बब्बू तिवारी, श्रीकांत दुबे, अशोक चौबे, अविनाश शुक्ला, डाक्टर प्रशांत शुक्ला, डाक्टर बृजेश दुबे, डाक्टर प्रशांत शुक्ला, विजय विनीत तिवारी, डाक्टर सूर्य प्रकाश पाण्डेय, अवधेश पांडेय, गोपाल स्वरूप पाठक, टोनी पाण्डेय, डॉक्टर राकेश पाण्डेय, आलोक चतुर्वेदी, बृजेश पाठक, सुशील मिश्रा, क्षितिज चतुर्वेदी, समेत हजारों लोग उपस्थित रहें।




