बाल अधिकार एवं सुरक्षा, संरक्षण पर जोर, लोगों को किया जागरूक
बच्चे के व्यक्तित्व निर्माण में माता-पिता और शिक्षक महत्व पूर्ण ज़िम्मेदारी- राजेश चौबे

सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -दिनांक 27 -11-2025 गुरुवार को सोनभद्र विकास समिति एवं चाइल्ड राइट्स एंड यू के सहयोग से जनपद के घोरावल ब्लॉक के केरवा गांव के पंचायत भवन मे बाल अधिकार एवं सुरक्षा तथा संरक्षण अन्तर्गत बैठक आहुत किया गया। जिसमें सोनभद्र विकास समिति के सचिव राजेश चौबे ने बताया कि माता-पिता और शिक्षक के बीच विश्वास और आपसी समझ ही बच्चे की सुखद शिक्षा का असली राज़ है। माता-पिता का शिक्षक के प्रति सहयोग तथा बच्चे से जुड़ने, समझने और उसके साथ काम करने में बहुत मदद करता है।

अगर माता-पिता और शिक्षक एक-दूसरे को समझें और साथ मिलकर काम करें, तो बच्चे में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं। एक अच्छा अभिभावक-शिक्षक संबंध बच्चे को स्कूल जाने के प्रति सकारात्मक बनाता है।

संस्था काउन्सलर साधना सिंह ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (VHSNC) के बारे में बताया कि समिति के सदस्यों में पंचायत प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, और अन्य सामुदायिक स्वयंसेवक शामिल होते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से संबंधित योजनाओं को लागू करना और उनकी प्रगति की निगरानी करना है। और समिति के अभिलेखों के रख-रखाव और क्रियान्वयन आदि के सम्बंध में विस्तृत रुप से जानकारी दिया गया। मौकेपर ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रधानाध्यापक, आशा,आंगनवाड़ी, चाइल्ड राइट्स एंड यू के सदस्य,संस्था सचिव राजेश चौबे, काउन्सलर साधना सिंह, सामाजिक कार्यकर्त्ती सुनीता,रीना शर्मा,रीमा,अमरजीत कोऑर्डिनेटर सहित समुदाय के बच्चें और अभिभावक मौजूद रहे ।




