
सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं।

अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधान, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी भय और संकोच के पुलिस से संपर्क करें तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का लाभ उठाएं।

मिशन शक्ति अभियान के साथ साइबर जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों, बालिकाओं और आमजन को ऑनलाइन होने वाली धोखाधड़ी के प्रति सतर्क किया जा रहा है।कार्यक्रमों में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी जा रही है। लोगों को ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी जा रही है।साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन बातचीत के दौरान सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी जा रही है।महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर=112 – आपातकालीन पुलिस सेवा-1090/1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन-181 – महिला हेल्पलाइन-1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन -1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाएं। वहीं आमजन साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।




