यूपीसोनभद्र

भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मित्रता का प्रतीक बना दुद्धी का गोवर्धन पूजा महोत्सव

नेपाल के पूर्व मंत्री एवं सांसद मातृका प्रसाद यादव और मधेश प्रदेश की विधायक डॉ. रीना यादव की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा, खौलते दूध का अनुष्ठान और भव्य कलश यात्रा रहे आकर्षण का केंद्र

सोनभद्र । धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ बुधवार को दुद्धी में यादव महासभा एवं गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में 14वां भव्य गोवर्धन पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष नेपाल से पहुंचे विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

नेपाल सरकार के पूर्व मंत्री एवं सांसद मातृका प्रसाद यादव मुख्य अतिथि तथा मधेश प्रदेश नेपाल की विधायक डॉ. रीना यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।इसके अलावा पूर्व सदस्य नीति तथा योजना आयोग विजय यादव और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय सदस्य एवं एनसीपी नेपाल की नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन की सदस्य डॉ. कृतिका की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही।महोत्सव का शुभारंभ गाजे-बाजे के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। महिलाओं और युवतियों ने पूजा स्थल से कलश लेकर प्राचीन शिवाजी तालाब पहुंचकर जल भरा। इसके बाद पुनः पूजा स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।महोत्सव में गाजीपुर से पहुंचे बाबा सुरेंद्र पंथी का पारंपरिक अग्नि एवं दुग्ध अनुष्ठान विशेष आकर्षण रहा। बाबा ने सूखे उपलों में मंत्रोच्चार के बीच अग्नि प्रज्वलित कर दूध गर्म किया। उसी अग्नि पर खीर तैयार कराई और इसके बाद खौलते दूध से स्नान करने का अनुष्ठान प्रस्तुत किया। इस अनोखे धार्मिक प्रदर्शन को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। बाबा ने इसे अपनी आस्था और पारंपरिक मान्यताओं से जुड़ा अनुष्ठान बताया। पूजा का विधिवत संपादन पंडित शिवपूजन मिश्र ने कराया।मुख्य अतिथि मातृका प्रसाद यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और अहंकार त्यागने का संदेश देने वाला पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अहंकार दूर कर गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति के महत्व को स्थापित किया था। उन्होंने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक विकास और बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. रीना यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन अहंकार त्यागकर जनकल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। गोवर्धन पूजा प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक समरसता के संरक्षण का संदेश देती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव ने की तथा संचालन सत्यनारायण यादव एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव, संजय यादव, रामेश्वर राय, पूर्व प्राचार्य डॉ. रामजीत यादव, यदुनाथ यादव, बुधिनारायण यादव, हरिशंकर यादव, सरजू यादव, सत्यनारायण यादव, अभिनाथ यादव और अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली के एसएसआई संजय सिंह, एसआई श्यामजी यादव और महिला थाना प्रभारी संतु सरोज पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहीं। नेपाल के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक क्षेत्र की विशिष्ट हस्तियों की सहभागिता से दुद्धी का 14वां गोवर्धन पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मित्रता और सामाजिक एकता का यादगार आयोजन बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!