यूपीसोनभद्र

छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का रहेगा विशेष इंतजाम, डीएम ने दिए निर्देश

सोन नदी छठ घाट का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा

सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को चोपन स्थित सोन नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। उन्होंने घाटों पर दिशा-सूचक एवं सूचना बोर्ड लगाने, नदी किनारे बैरिकेडिंग कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और पर्याप्त नावों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जानी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी प्रमुख छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में निगरानी के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि व्रती पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!