
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के मारकुंडी घाटी स्थित ऐतिहासिक वीर लोरिक पत्थर स्थल पर गोवर्धन पूजा के अवसर पर आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।

यादव महासभा की ओर से आयोजित भव्य गोवर्धन पूजा में वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए पुजारी राजेंद्र यादव उर्फ पतिवाह बाबा ने खौलते दूध से स्नान किया। इतना ही नहीं, उन्होंने खौलते दूध से भरे मटके में अपना सिर डुबोकर दूध से स्नान किया। इस अद्भुत धार्मिक अनुष्ठान को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव और राष्ट्रीय परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव शामिल हुए।

विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अनुष्ठान के बाद हवन के समीप पुजारी का आह्वान किया गया। इसके बाद दूध से भरे घड़ों को गर्म किया गया।

जैसे-जैसे दूध में उबाल आता गया, श्रद्धालुओं की उत्सुकता बढ़ती गई। इसी दौरान राजेंद्र बाबा ने खौलते दूध से स्नान कर वर्षों से चली आ रही परंपरा को निभाया। उनका यह अनुष्ठान पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।

खौलते दूध से स्नान करने के दौरान किसी प्रकार की शारीरिक हानि नहीं होने के सवाल पर राजेंद्र बाबा ने इसे भगवान श्रीकृष्ण और अपने गुरु महाराज की कृपा बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास अपनी कोई शक्ति नहीं है। यह सब भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और गुरु महाराज के आशीर्वाद से संभव होता है।

राजेंद्र बाबा ने गोवर्धन पूजा की महत्ता बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से मानव समाज को प्रकृति की पूजा और उसके संरक्षण का संदेश दिया था। मनुष्य जिस प्रकृति के सहारे अपना जीवन व्यतीत करता है, उसके प्रति कृतज्ञता प्रकट करना चाहिए।

पर्वत, पहाड़, गाय और अन्य जीव-जंतु प्रकृति के अभिन्न अंग हैं। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के संरक्षण और सम्मान की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम में सांसद छोटेलाल खरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, परमेश्वर यादव, पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे, मोहम्मद सईद कुरैशी, रोशनलाल यादव, लालधारी यादव, कांता यादव, सुनील सिंह गोंड़, इंद्रजीत यादव प्रधान प्रतिनिधि ग्राम पंचायत रौप, निरेन्द्र गोंड़, चंद्रभूषण यादव, अविनाश कुशवाहा, श्याम बिहारी यादव, फुलवंती गौड़, इंजीनियर कमलदेव चौधरी, अनिल प्रधान, नरेंद्र प्रताप सिंह गौड़, जयप्रकाश उर्फ चेखूर पांडेय, वेदमणि शुक्ला, इंजीनियर विजय यादव, ओमप्रकाश यादव, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, दयाराम यादव, डॉ. अशोक यादव, रामवृक्ष, तेजधारी यादव, देवचरण सिंह यादव, डॉ. गोविंद यादव, गुलाब यादव, रामचंद्र, केशव यादव, त्रिपुरारी गौड़, हीरालाल, अमृतलाल, कामता यादव, अखिलेश यादव, अभय, सुरेश और राजकुमार सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं यदुवंशी समाज के लोग उपस्थित रहे।





