
सोनभद्र । जनपद में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस ने मंगलवार देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ अपराध नियंत्रण तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

28 और 29 अक्टूबर की मध्यरात्रि चलाए गए अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान लोढ़ी टोल प्लाजा पर लगे जाम को एसपी के नेतृत्व में खुलवाया गया। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराने के साथ राहगीरों को आवागमन में हो रही परेशानी दूर करने पर जोर दिया। संबंधित पुलिसकर्मियों को यातायात का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, संदिग्ध वाहनों की जांच और पुलिस की सक्रियता पर जोर दिया। सोनभद्र पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




