
सोनभद्र। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा के चुर्क बाजार स्थित वार्ड नंबर 4 में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। वार्ड में टुन्नू दास के घर के पास पानी की टंकी के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।वार्ड के सभासद हिमांशु खत्री के आग्रह और नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव की पहल पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने सभासद के साथ पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया। टंकी निर्माण की शुरुआत से वार्डवासियों में खुशी का माहौल रहा।सभासद हिमांशु खत्री ने कहा कि वार्ड के लोग लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे थे। समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव के सहयोग से पानी की टंकी के निर्माण को स्वीकृति मिली और अब कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद वार्ड में बेहतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि पानी की टंकी बनने से पेयजल की किल्लत काफी हद तक दूर होगी। खासकर गर्मी के मौसम में पानी के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। वार्डवासियों ने पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए सभासद हिमांशु खत्री और नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव की सराहना की।




