यूपीसोनभद्र

किसान की बेटी शिवांगी दुबे ने UPSC में हासिल की नौवीं रैंक, गांव में हुआ सम्मान

भू-वैज्ञानिक पद पर हुआ चयन, ग्रामीणों ने अंगवस्त्रम भेंट कर दी बधाई; बेटियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत पकरी की होनहार बेटी शिवांगी दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की भू-वैज्ञानिक परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-9 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन केंद्रीय जल एवं भूगर्भ मंत्रालय में वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। किसान परिवार से निकलकर यह उपलब्धि हासिल करने वाली शिवांगी की सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

रविवार को पकरी स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, पिंटू, अमर बहादुर सिंह, उत्कर्ष सिंह, विजय बहादुर सिंह, अमित दुबे, उमाकांत दुबे और रिंकू दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अंगवस्त्रम भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। ग्रामीणों ने शिवांगी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिवांगी के पिता चंद्रप्रकाश दुबे किसान हैं, जबकि माता अंजना दुबे गृहिणी हैं। उनके दोनों भाई भी पढ़ाई कर रहे हैं। शिवांगी ने इंटरमीडिएट की शिक्षा रॉबर्ट्सगंज स्थित प्रकाश जीनियस स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से स्नातक और आईआईटी बीएचयू से परास्नातक की पढ़ाई पूरी की।

शिवांगी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाइयों और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि बीएचयू और आईआईटी के प्रोफेसरों ने उन्हें लगातार प्रेरित किया और परीक्षा की तैयारी में सहयोग दिया। ग्रामीण परिवेश से होने के बावजूद उनके माता-पिता ने हमेशा आगे बढ़ने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।शिवांगी ने कहा कि बेटियां भी दृढ़ संकल्प, लगन और मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखकर उन्हें साकार करना चाहती हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार गौरवान्वित है, वहीं गांव में भी उत्साह और खुशी का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!