यूपीसोनभद्र

महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

जैन साधना भवन में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई अग्रसेन जयंती, पूजन-अर्चन व आरती कर किया नमन

सोनभद्र । नगर स्थित जैन साधना भवन में रविवार को अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद आरती कर उपस्थित लोगों ने महाराजा अग्रसेन को नमन किया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके सामाजिक विचारों और जनकल्याण के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर जरूरतमंदों की सहायता करने और लोककल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।वक्ताओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का ‘एक रुपया और एक ईंट’ का सिद्धांत सामाजिक सहयोग और परस्पर सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस सिद्धांत के माध्यम से उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद करने और सामूहिक प्रयासों से समाज को मजबूत बनाने की प्रेरणा दी।

उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से जैन साधना भवन का वातावरण भक्तिमय बना रहा। अग्रवाल एवं जैन समाज के लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर महाराजा अग्रसेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और एक-दूसरे को जयंती की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में हरीश अग्रवाल, विमल अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, पवन जैन, राजेश बंसल, चंद्रभान अग्रवाल, परमेश जैन, प्रशांत जैन, आशीष अग्रवाल, विजय जैन, सुमित जैन और सीएन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा उपस्थित रहे। सभी ने सामाजिक एकता, परस्पर सहयोग और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!