
सोनभद्र। जिले में मतदाता सूची को अधिक प्रभावी और अद्यतन बनाने के लिए नए एवं पात्र मतदाताओं के पंजीकरण में तेजी लाई जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को बूथवार लक्ष्य निर्धारित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने और पंजीकरण में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) और संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्रों में प्रभावी अभियान संचालित करें।कम पंजीकरण वाले बूथों पर बढ़ेगी निगरानी जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को बीएलओ के साथ बैठक कर पंजीकरण की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। प्रत्येक बूथ पर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष हुए कार्यों का आकलन किया जाएगा। जिन बूथों पर पंजीकरण की प्रगति धीमी मिलेगी, वहां विशेष प्रयास कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराना निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और बीएलओ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले संबंधित बीएलओ की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।हर शुक्रवार होगी अभियान की समीक्षा जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति की प्रत्येक शुक्रवार समीक्षा की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए प्रभावी कार्ययोजना के साथ अभियान को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग भी निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करेगा, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि पासवान, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जरूप सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



