बढ़ौली की शराब दुकान हटाने से लेकर अधूरी सड़क तक, व्यापारियों ने उठाई आवाज
उद्योग-व्यापार बंधु की बैठक में शहर की समस्याओं पर चर्चा, जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक हुई। बैठक में व्यापारियों ने रॉबर्ट्सगंज नगर की विभिन्न समस्याओं के साथ व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दे उठाए। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गर्ग के नेतृत्व में जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।ज्ञापन में शीतला चौक से दुर्गा मंदिर तक लोक निर्माण विभाग की ओर से कराई जा रही सड़क के अधूरे निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि आधी सड़क बनने से आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।व्यापारियों ने यूपीआई भुगतान पर लगने वाले एमडीआर को समाप्त कराने की मांग भी रखी। इसके लिए जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराने का अनुरोध किया गया। साथ ही जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने की मांग की गई।बढ़ौली चौराहे के पास नवीन मंडी स्थल के समीप स्थित देशी शराब की दुकान को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग भी व्यापारियों ने उठाई। उनका कहना था कि आसपास निजी बस और जीप स्टैंड होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। शराब की दुकान के आसपास होने वाला जमावड़ा लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है।बैठक में प्रदेश मंत्री विमल अग्रवाल, जिला महामंत्री मनोज जालान, हिदायतुल्लाह खान, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, नगर महामंत्री संतोष सिंह, युवा जिला अध्यक्ष संजय जायसवाल, युवा महामंत्री चंदन केसरी, सरदार अजीत सिंह भंडारी, नवल बाजपेई सहित अन्य व्यापारी नेता मौजूद रहे।



