
सोनभद्र। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व मामलों समेत पुलिस से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं।पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच कराते हुए निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।एसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पीड़ितों को पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी समय से उपलब्ध कराई जाए। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना देरी किए आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जांच या कार्रवाई के दौरान लापरवाही, शिकायतकर्ता के उत्पीड़न अथवा अनावश्यक विलंब की शिकायत सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।




