यूपीसोनभद्र

संचारी रोगों पर वार: माइक्रोप्लान के तहत चलेगा अभियान, लापरवाही पर वेतन रोकने की कार्रवाई

सीडीओ ने सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान तेज करने के दिए निर्देश

सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में एक अक्टूबर से शुरू होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में द्वितीय अन्तर्विभागीय बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार निर्धारित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।शासन के निर्देश पर जिले में एक से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाना प्रस्तावित है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और सूचना विभाग की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से विभागवार दायित्वों और कार्ययोजना की जानकारी दी।सीडीओ ने नगर निकाय और पंचायत विभाग के अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी, कचरा निस्तारण, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। कार्रवाई की फोटो अभियान के व्हाट्सऐप ग्रुप पर उपलब्ध कराने को भी कहा गया।पूर्व में दिए निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पर सीडीओ ने सख्त रुख अपनाया। चुर्क स्थित सोनपंप जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का निर्धारित अवधि में निस्तारण नहीं होने पर अधिशासी अधिकारी, चुर्क का वेतन अवरुद्ध करने के लिए ट्रेजरी को निर्देशित किया गया। वहीं, दोनों अन्तर्विभागीय बैठकों में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।विद्यालयों में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने बीएसए को कहा कि प्रार्थना के समय विद्यार्थियों को संक्रामक रोगों से बचाव, हाथ धोने के सही तरीके, पूरी आस्तीन की यूनिफॉर्म पहनने तथा बुखार आने पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाए। सभी विद्यालयों में हैंडवॉश की व्यवस्था और पम्पलेट वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा गया।ग्राम विकास विभाग को गांवों में स्वच्छ पेयजल, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कचरा निस्तारण, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित गतिविधियां पूरी करें और आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!