
सोनभद्र । नोएडा में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सोनभद्र के महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने की पहल हुई है। करमा ब्लॉक के गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह और रोजाना मॉल के बीच उत्पादों की बिक्री को लेकर समझौता हुआ है। एमओयू के बाद समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।ट्रेड शो में सोनभद्र के स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल पर तैयार उत्पादों को उपभोक्ताओं और कारोबारियों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। शुद्ध सरसों का तेल, रागी से तैयार ठोकवा, शहद और बकरी के दूध से बने साबुन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य मधुबाला ने बताया कि समूह की महिलाएं मेहनत से विभिन्न उत्पाद तैयार करती हैं और अब तक इनकी बिक्री मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर होती रही है। रोजाना मॉल के साथ हुए एमओयू से उत्पादों को बड़े बाजार में पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इससे महिलाओं की आय बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।उन्होंने बताया कि समूह का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनके तैयार उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराना है। ट्रेड शो में कारोबारियों से संपर्क होने से भविष्य में उत्पादों की बिक्री और विपणन के नए अवसर खुल सकते हैं।इंटरनेशनल ट्रेड शो में महिला स्वयं सहायता समूहों को उत्पाद प्रदर्शित करने और बाजार से सीधे जुड़ने का मंच मिल रहा है। गुलाब समूह और रोजाना मॉल के बीच हुआ समझौता इसी प्रयास की एक कड़ी है।समूह की महिलाओं का कहना है कि यदि स्थानीय उत्पादों को नियमित बाजार और बेहतर बिक्री नेटवर्क मिलता है तो ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। साथ ही सोनभद्र में तैयार उत्पादों की पहचान जिले से बाहर भी स्थापित हो सकेगी।




