बैंक हड़ताल टली, सोनभद्र में सामान्य होंगी बैंकिंग सेवाएं
हड़ताल स्थगित होने से ग्राहकों, व्यापारियों और कारोबारियों को मिली राहत

सोनभद्र। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच अंतिम समय में हुई बातचीत के बाद प्रस्तावित 3 दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। हड़ताल टलने से सोनभद्र जिले के बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।हड़ताल स्थगित होने के बाद जिले की बैंक शाखाएं निर्धारित कार्यदिवसों में सामान्य रूप से खुलेंगी। बैंक शाखाओं में चेक क्लीयरेंस, नकद जमा-निकासी, भुगतान समेत अन्य नियमित बैंकिंग सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होने की उम्मीद है।प्रस्तावित हड़ताल के चलते लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। इससे आम ग्राहकों के साथ व्यापारियों, कारोबारियों और अन्य खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। खासकर नकद लेनदेन, चेक क्लीयरेंस और बैंक से जुड़े जरूरी कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही थी।आईबीए और यूएफबीयू के बीच बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित किए जाने के फैसले से जिले के बैंक ग्राहकों ने राहत की सांस ली है। बैंकिंग संगठनों और प्रबंधन के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहे गतिरोध पर आगे भी बातचीत जारी रहने की संभावना है।




