29 सितंबर तक मिलेगा सितंबर का खाद्यान्न, कार्डधारकों को राहत
परिवहन प्रक्रिया में बदलाव से वितरण में हुई देरी, आधार प्रमाणीकरण और ओटीपी से भी ले सकेंगे राशन

सोनभद्र। जिले के राशन कार्डधारकों को सितंबर माह के खाद्यान्न वितरण को लेकर राहत मिली है। सितंबर 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न के वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 29 सितंबर कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए वितरण की अवधि बढ़ाई गई है।विभाग के अनुसार वाहनों की मैपिंग, सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था लागू होने और परिवहन प्रक्रिया में बदलाव के कारण कुछ उचित दर दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचने में विलंब हुआ। इसके चलते कई कार्डधारक निर्धारित अवधि में राशन प्राप्त नहीं कर सके।अब पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारक 29 सितंबर तक ई-पॉस मशीन के जरिए आधार आधारित प्रमाणीकरण कराकर खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा मोबाइल ओटीपी के माध्यम से राशन वितरण की सुविधा भी 25 से 29 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी। कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से भी आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने की सुविधा दी गई है।जिला पूर्ति अधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्डधारकों से अपील की कि निर्धारित अवधि के भीतर अपनी उचित दर दुकान से राशन प्राप्त कर लें, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी खाद्यान्न से वंचित न रहे।




