कोहरथा में दो दिवसीय अक्षयवट त्रिपाठी स्मारक वालीबॉल प्रतियोगिता संपन्न, अक्षयवट क्लब बना विजेता

सोनभद्र:-सोनभद्र जनपद के घोरावल क्षेत्र अंतर्गत कोहरथा गांव में आयोजित दो दिवसीय अक्षयवट त्रिपाठी स्मारक वालीबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हो गया। पूरे क्षेत्र में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारत फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पांडेय रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रकाश पॉलिटेक्निक के चेयरमैन डॉ. एच.पी. सिंह, समाजवादी पार्टी के जिला सचिव जयप्रकाश पांडेय, घोरावल विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य, घोरावल के कोतवाल बृजेश सिंह तथा विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र सत्संग प्रमुख दिवाकर त्रिपाठी उपस्थित रहे। फाइनल मुकाबला अक्षयवट त्रिपाठी क्लब कोहरथा और बघोर मधुपुर की टीम के बीच खेला गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहले सेट में बघोर मधुपुर की टीम ने 25-22 से जीत दर्ज कर बढ़त बनाई। दूसरे सेट में अक्षयवट त्रिपाठी क्लब ने शानदार वापसी करते हुए 25-14 से सेट अपने नाम किया। निर्णायक तीसरे सेट में अक्षयवट त्रिपाठी क्लब ने 25-21 से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।मुख्य अतिथि सुनील पांडेय ने विजेता टीम अक्षयवट त्रिपाठी क्लब को 6100 रुपये की नगद धनराशि एवं चमचमाती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता बघोर मधुपुर की टीम को 4100 रुपये की धनराशि एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में जुगैल, महाकाल ओबरा, खैरटिया, खड़िया रामगढ़, बघोर मधुपुर, सिलथम, अक्षयवट त्रिपाठी स्मारक कोहरथा, रामनगर राबर्ट्सगंज, गुरेठ सहित कुल 22 टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।मुख्य अतिथि सुनील पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए। “हारता वही है जो जीतता है,” कहकर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में अक्षयवट त्रिपाठी स्मारक वालीबॉल प्रतियोगिता के संरक्षक रामऔतार सिंह, अध्यक्ष आजाद सिंह, सचिव श्रीपति त्रिपाठी, शिवसागर, राजेश, प्रवीण त्रिपाठी, दीपक शर्मा हनुमान, इंद्रेश मिश्रा, अंशु सिंह, पवन, मुर्शीद जमाल, सीताराम आदिवासी, राजू चौबे, अटल, अरुण, सुनील तिवारी, रीषु सहित समस्त क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।अंत में समिति के सचिव श्रीपति त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम जनमानस के सहयोग से ही यह दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो पाती है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।




