लोढ़ी टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं पर टोलकर्मियों का हमला, तीन घायल

सोनभद्र:-रॉबर्ट्सगंज लोढ़ी टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला अधिवक्ता और उनके साथियों के साथ टोल कर्मियों ने मारपीट कर दी। इस घटना में महिला अधिवक्ता आरती पांडेय के तीन साथी घायल हो गए, जिनमें से एक महिला को गंभीर चोटें आईं और उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।मिली जानकारी के अनुसार, विवाद गाड़ियों की लंबी कतार और ग्रीन सिग्नल होने के बावजूद देरी के कारण शुरू हुआ।
अधिवक्ता आरती पांडेय के साथी नवीन सिंह ने टोल कर्मियों से देरी का कारण पूछा, जिस पर टोल कर्मियों ने गाली-गलौज की और धमकी दी। बाद में बहस हिंसक झगड़े में बदल गई। मारपीट में नवीन सिंह के सिर और अवनीश दुबे के हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरती पांडेय को धक्का लगा और उन्हें एंजायटी की समस्या हुई।घटना के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और उन्होंने टोलकर्मियों के इस व्यवहार की कड़ी निंदा की। पीड़ित पक्ष ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे कैमरा फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।अधिवक्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि लोढ़ी टोल प्लाजा को तुरंत हटाया जाए। जल्द ही आम सभा में अधिवक्ताओं की राय के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।




