गणतंत्र दिवस पर समग्र शिक्षा के अंतर्गत जन-जागरूकता अभियान का भव्य आयोजन

सोनभद्र:-गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर समग्र शिक्षा के अंतर्गत ब्लॉक रावर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रावर्ट्सगंज, से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

यह जन-जागरूकता अभियान जनपद के पाँच प्रमुख स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रॉबर्ट्सगंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय अखाड़ा मोहाल रावर्ट्सगंज, कंपोजिट विद्यालय मल्टी स्टोरी बिल्डिंग रावर्ट्सगंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय बकाही (करमा) तथा कंपोजिट विद्यालय सेहुआ (चतरा) के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान की रैली उरमौरा स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर बढ़ौली चौराहा, कचहरी, हाइडिल फील्ड तथा कांशीराम आवास से होते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँची। इस अवसर पर मीना मंच की 10 सदस्यीय प्रचार-प्रसार टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें 5 बालक एवं 5 बालिकाएँ शामिल रहीं। विशेष रूप से बालिकाओं एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने अभियान को और अधिक प्रेरणादायी व प्रभावशाली बनाया। इस जन-जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य निपुण भारत मिशन, बालवाटिका, डिजिटल शिक्षा, डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म व जूते-मोज़े का वितरण, आरटीई अधिनियम, ऑपरेशन कायाकल्प, सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, कार्य पुस्तिकाएँ, स्टेशनरी सामग्री तथा मध्यान्ह भोजन योजना जैसी महत्वपूर्ण शैक्षिक योजनाओं की जानकारी जनसामान्य तक पहुँचाना रहा।अभियान के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सरकारी विद्यालय किसी भी स्तर पर निजी विद्यालयों से कम नहीं हैं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु पूर्णतः सक्षम हैं। साथ ही, बालिका शिक्षा को लेकर समाज को विशेष रूप से जागरूक किया गया। यह संदेश दिया गया कि शिक्षित बालिका ही सशक्त परिवार, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति समाज की सोच को सकारात्मक दिशा देना रहा आइए, हम सभी मिलकर सरकारी विद्यालयों को सशक्त बनाने एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लें, ताकि हर बेटी शिक्षित, सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके। अवधेश कुमार भारती समन्वयक, बालिका शिक्षा गायत्री त्रिपाठी, पूजा पांडेय नोडल, जिला बालिका शिक्षा, सोनभद्र




