कोन तेलगुडवा मार्ग पर बाइक भिड़ंत में दो की मौतः रोगही के पास शाम 7 बजे हुई दुर्घटना, एक घायल

कोन (सोनभद्र)थाना क्षेत्र में कोन तेलगुडवा मार्ग पर रोगही के पास शनिवार शाम करीब 7 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पटेल नगर निवासी विजय कुमार पटेल (30) अपने ससुराल से घर लौट रहे थे। वहीं, रेनुकूट से ड्यूटी कर चांचीकला स्थित अपने घर जा रहे यशवंत (45) पुत्र अवध बिहारी की बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोन ले गई। वहां विनय कुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया गया।
विनय की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन सीएचसी कोन पहुंच गए और डॉक्टरों पर लापरवाही तथा सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।

दूसरी बाइक पर सवार यशवंत की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति सतीश पुत्र रिंकू निवासी चांचीकला भी घायल हुआ है।
इस दुखद घटना से दोनों मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है।





