भदोहीयूपीलोकल न्यूज़

संदिग्ध वस्तु की सूचना पर भदोही में रुकी रही गोरखपुर लोकमान्य तिलक काशी एक्सप्रेस

लगभग तीन घंटे तक चली जांच पड़ताल और तलाशी में नहीं मिली कोई भी संदिग्ध वस्तु, उसके बाद हुई ट्रेन रवाना

ब्यूरो रिपोर्ट रिजवान सिद्दिकी

भदोही। उत्तर प्रदेश। गोरखपुर से लोकमान्य तिलक जा रही 15018 अप काशी एक्सप्रेस ट्रेन को मंगलवार दोपहर 1:35 बजे भदोही रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद लगभग तीन घंटे तक गहन जांच-पड़ताल की गई। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। शाम 4:33 पर ट्रेन को भदोही रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया।


जीआरपी वाराणसी कंट्रोल रूम को अजय नामक एक व्यक्ति ने काशी एक्सप्रेस में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही भदोही के प्रभारी सीओ राजीव कुमार सिंह भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के भदोही स्टेशन पर रुकते ही डॉग स्क्वायड, स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ भदोही इंचार्ज परमजीत गहलावत व कांस्टेबल राजू तिवारी व कांस्टेबल छोटे लाल जवानों ने काशी एक्सप्रेस के प्रत्येक डिब्बे का निरीक्षण शुरू किया। वाराणसी से आरपीएफ कुंवर प्रभा सिंह भी अपनी टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे।

दोनों डॉग स्क्वायड टीमों, स्थानीय पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और खुफिया विभाग की टीमों ने मिलकर ट्रेन के सभी डिब्बों और यात्रियों के सामानों की बारीकी से तलाशी ली। इसके बाद, वाराणसी से बुलाई गई बम डिस्पोजल टीम ने भी ट्रेन के हर डिब्बे, यात्रियों के सामान और ट्रेन के आसपास के हिस्सों की जांच की। लंबी जांच के बावजूद ट्रेन में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। इसके बाद शाम 4:33 बजे ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। तीन घंटे तक ट्रेन के रुके रहने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस घटना के कारण पांच अन्य ट्रेनों को भी विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। जिससे लगभग आधे दर्जन से भी अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि एक-एक कर सभी ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!