Uncategorized

भालूकुदर लर्निंग सेंटर का प्रथम वार्षिकोत्सव संपन्न, बच्चों ने कहानी-कविता और नृत्य से बांधा समां

सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -जनपद के विकास खण्ड चोपन अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रछ के टोला भालूकुदर स्थित लर्निंग सेंटर का प्रथम वार्षिकोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन और संचालन उपक्रम एजुकेशनल फाउंडेशन की तरुण्य वन के युवाओं द्वारा किया गया, जिसमें गाँव के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम प्रबंधक अंकित मौर्य ने बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान बच्चों ने लर्निंग सेंटर पर मौजूद किताबों को पढ़कर कहानी वाचन, कविता पाठ, गीत और अपनी पसंद के नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, समुदाय के सदस्यों और अतिथियों को खूब प्रभावित किया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को मंच मिला, जहाँ उन्होंने न केवल अपनी अभिव्यक्ति क्षमता दिखाई बल्कि सीखने के प्रति अपने उत्साह को भी साझा किया।कार्यक्रम का संचालन कर रहे युवा अवधेश ने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की और लर्निंग सेंटर से जुड़े अपने अनुभवों को भी रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। तरुण्य वन टीम से दिनेश ने बताया कि लर्निंग सेंटर का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। प्रथम वार्षिकोत्सव इसी दिशा में एक प्रेरक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम में समुदाय और अभिभावकों की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया। इस मौके पर दिनेश, पूनम,रुमा, सुनैना, पूजा, रीता,मधु, अनिता , दिनेश,विवेक, अजय, विक्रम, नीरज कुमार, जितेंद्र आदि ने कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!