
रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र । नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पूजा पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा के इंतजामों की जांच की। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोजकों को सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही रॉबर्ट्सगंज कस्बे के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था भी परखी गई।

इसके बाद अधिकारियों ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ संबंधित क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवागमन सुचारु बना रहे।

डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।प्रशासन ने आमजन से दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।



