
सोनभद्र । राजस्थानी गरबा सीजन-2’ का आयोजन 27 अक्टूबर को किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को होटल श्री श्याम पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़ी महिलाओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। यह आयोजन श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के बैनर तले होगा। इस वर्ष आयोजन और वित्तीय सहयोग की जिम्मेदारी मारवाड़ी महिला कमेटी संभालेगी।

कार्यक्रम की संस्थापक एडवोकेट अनीता थरड ने बताया कि सोनभद्र में गुजरात के बड़े शहरों की तर्ज पर भव्य गरबा आयोजन शुरू करने का उद्देश्य महिलाओं, बहनों और बेटियों को सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे खुलकर गरबा का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और आपसी एकजुटता का प्रतीक है। महिलाओं ने अपनी जिम्मेदारियों के साथ बड़े कार्यक्रमों का सफल संचालन कर अपनी क्षमता साबित की है।

मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित पहले सीजन को शहरवासियों का भरपूर प्यार और समर्थन मिला था। प्रतिभागियों ने गरबा के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की भी सराहना की थी। पहले आयोजन की सफलता से उत्साहित होकर इस बार इसे और बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।

इस वर्ष नौ सदस्यीय मारवाड़ी महिला कमेटी आयोजन और फंडिंग की जिम्मेदारी संभालेगी। इसमें एडवोकेट अनीता थरड, सुनीता झुनझुनवाला, रितु जालान, ममता जालान, मीरा जालान, सविता चौधरी, शीला जैन, शिप्रा झुनझुनवाला और दीप्ति केडिया शामिल हैं। रितु जालान ने कहा कि सभी सदस्यों का प्रयास कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाना है।‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ का आयोजन 27 अक्टूबर, मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित डीआर ड्रीम्स बैंक्वेट में शाम पांच बजे से रात दस बजे तक होगा। दिल्ली की एंकर आकृति और दिल्ली से आने वाले डीजे कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। चौधरी कैटर्स की ओर से विभिन्न व्यंजनों के साथ अनलिमिटेड फूड की व्यवस्था भी की जाएगी।

प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अनीता थरड, कोषाध्यक्ष मीरा जालान, सचिव पूनम खैतान, मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया, कोषाध्यक्ष पूनम केडिया और सचिव चित्रा जालान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं। मारवाड़ी महिला कमेटी की सदस्य शीला जैन ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर गरबा, संगीत और उत्साह से भरी शाम का हिस्सा बनने की अपील की।




