प्रभारी मंत्री ने मंदिर परिसर में की सफाई, वृक्षारोपण कर दिया स्वच्छता और हरियाली का संदेश

सोनभद्र:-केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने रविवार को सहिजन कला स्थित चंद्रिका देवी मंदिर पहुंचकर स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत सफाई अभियान चलाया।
उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर मंदिर परिसर की सफाई की तथा जनपदवासियों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने जनसंपर्क के दौरान कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति से समाज के सभी वर्गों को लाभ मिला है और भारत वैश्विक मंच पर मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और वंचित वर्ग सीधे लाभान्वित हुए हैं। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


