Uncategorized

स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द, बिजली समस्याओं पर भड़के व्यापारी — उग्र आंदोलन की चेतावनी

सोनभद्र:-विद्युत समस्याओं से परेशान होकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र के पदाधिकारियों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को संगठन ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान संगठन का प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अभियंता ओ.पी. गुप्ता से मिला और उन्हें क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के प्रयासों के बावजूद विभागीय अधिकारी जनहित के कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए सुविधा के बजाय बड़ी परेशानी बन गई है। बिना पूर्व सूचना बैलेंस शून्य दिखाकर बिजली काट दी जाती है और कई बार घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। प्रीपेड सिस्टम में तकनीकी खामियां, रिचार्ज अपडेट न होना और पुराने बकाए को बिना जानकारी बिल में जोड़ना आम समस्या बन गई है। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है और कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारी भी उपलब्ध नहीं रहते। वहीं जर्जर खंभे, नीचे लटकते तार और खुले ट्रांसफार्मर किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं, खासकर बारिश के मौसम को देखते हुए खतरा और बढ़ गया है। जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल ने कहा कि छोटे बकायेदारों के कनेक्शन मामूली बकाए पर काट दिए जाते हैं, जबकि बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई नहीं होती, जो विभाग के दोहरे मापदंड को दर्शाता है। अन्य पदाधिकारियों ने सोलर बिजली समायोजन न होने, 1912 हेल्पलाइन के काम न करने, कनेक्शन कटने के बाद भी बिल आने और झटपट योजना में अनावश्यक आपत्तियां लगाने जैसी समस्याएं भी उठाईं। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में कौशल शर्मा, प्रितपाल सिंह, प्रशांत जैन, शरद जायसवाल, जसकीरत सिंह, रवि जायसवाल, राजू जायसवाल, धर्मेंद्र प्रजापति, अमित केसरी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!