Uncategorized

मरकरी गांव का सामुदायिक शौचालय बना खंडहर, 2 साल से बंद पड़ी स्वच्छता व्यवस्था

ब्लाक रिपोर्टर:-विष्णु कुमार कुशवाहा

सोनभद्र:- रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत मरकरी में संपर्क मार्ग पर स्थित सामुदायिक शौचालय की खराब स्थिति के कारण न सिर्फ ग्रामीणों को बल्कि राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है। परिसर के अंदर पेड़-पौधे उग आए हैं, पानी की कोई व्यवस्था नहीं है, नियमित साफ-सफाई पूरी तरह ठप है और कई जगहों पर टाइल्स टूट चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार बीते 2 वर्षों से शौचालय का उपयोग पूरी तरह बंद है, जिससे इसकी स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। ग्रामीण ने बताया कि जब सामुदायिक शौचालय चालू था, तब गांव के लोगों के साथ-साथ आने-जाने वाले राहगीरों को भी काफी सुविधा मिलती थी। गांव में होने वाले सामूहिक कार्यक्रमों और आयोजनों के दौरान भी यह शौचालय बेहद उपयोगी साबित होता था। वहीं ग्रामीण चंद्रभान सिंह ने बताया कि लंबे समय से बंद पड़े रहने के कारण यह शौचालय अब नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीण उदय नारायण, धर्मेंद्र, अशोक, सतीश, अंशु सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सामुदायिक शौचालय की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, पानी की व्यवस्था बहाल की जाए और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को इसका लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!