चंद्रिका माता मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्रीरामकथा का शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा
ब्लाक रिपोर्टर:- विष्णु कुमार कुशवाहा

सोनभद्र :- रावर्ट्सगंज ब्लॉक चुर्क स्थित के सहिजन में चंद्रिका माता मंदिर परिसर में सोमवार को सात दिवसीय श्रीरामकथा के आयोजन का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से शोभायात्रा में सहभागिता की। यात्रा में भगवान श्रीराम एवं गोस्वामी तुलसीदास जी की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं। कलश यात्रा चंद्रिका माता मंदिर से प्रारंभ होकर सहिजन कलां, सहिजन खुर्द मोहाल होते हुए पुनः चंद्रिका माता मंदिर परिसर में संपन्न हुई। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के भजनों पर झूमते-गाते हुए अबीर-गुलाल उड़ाते नजर आए। श्रीराम के जयकारों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा जब सहिजन खुर्द मोहाल स्थित छठ घाट तालाब पहुंची, तो श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर पवित्र सरोवर से जल भरकर मंदिर परिसर लौटते हुए यज्ञ स्थल को जल से पवित्र किया। चंद्रिका माता मंदिर परिसर में कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज के मुखारविंद से श्रीरामकथा का शुभारंभ किया गया। श्रीरामकथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, राकेश भारती, राजेश द्विवेदी, राम समुझ मौर्य, डॉ. जे.एन. तिवारी, अवधनाथ सिंह, पुष्पा सिंह, उषा जैन, गायत्री, अनवर अली, सत्यप्रकाश गुप्ता, अनिल, अमन वर्मा,राजकुमार पटेल, दीपक पटेल, मनोज विश्वकर्मा, दिलीप पटेल सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।




