यूपीसोनभद्र

दुर्गा पूजा और दशहरा पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर

पीस कमेटी की बैठक में व्यापारियों और आमजन की सुरक्षा, अग्निशमन इंतजाम तथा सांप्रदायिक सौहार्द पर हुई चर्चा

,सोनभद्र।रॉबर्ट्सगंज दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रणधीर मिश्रा ने की, जबकि संचालन कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने किया। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के उपायों पर चर्चा की गई।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों एवं आमजन की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस-प्रशासन और आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाए रखें।उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली के तारों, अस्थायी विद्युत कनेक्शनों और शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पंडालों में अग्निशमन के आवश्यक उपकरण उपलब्ध होने चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।कौशल शर्मा ने प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच आसान रखने और एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ते खुले रखना जरूरी है।

बैठक में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने और अफवाहों पर रोक लगाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कौशल शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और किसी समस्या की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को जानकारी देकर सहयोग करें।उन्होंने व्यापारियों, आम नागरिकों और दुर्गा पूजा समितियों से संयम, जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान करने पर सहमति जताई गई। इस दौरान व्यापार संगठन के पदाधिकारी विनय जायसवाल सहित दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!