यूपीसोनभद्र

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने सोनभद्र में तेज किया जनसंपर्क

नौ शिक्षण संस्थानों में बैठक कर शिक्षकों से मतदान की अपील, डॉ. प्रमोद मिश्रा के साथ जुटे पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि

सोनभद्र । शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जनपद में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा के जनपद प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के साथ बैठक की।

इस दौरान शिक्षक समाज से संवाद स्थापित कर चुनाव में मतदान करने की अपील की गई।16 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के तहत मधुपुर, परासी, चोपन, ओबरा, दुद्धी, म्योरपुर, रेनुकूट और अनपरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाया गया। चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर, जनता इंटर कॉलेज परासी, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रेलवे इंटर कॉलेज चोपन, शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज ओबरा, सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी, परमेश्वरी विद्यालय म्योरपुर, पिपरी गेस्ट हाउस रेनुकूट तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज अनपरा में बैठकें आयोजित की गईं। इनमें शिक्षकों की सहभागिता बढ़ाने और चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।भाजपा शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण और भावी पीढ़ी के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

शिक्षकों का सम्मान, उनके हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षक समाज से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाते हुए मतदान करने की अपील की।भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी संगठन पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधन से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में शिक्षकों का योगदान महत्वपूर्ण है।

पार्टी कार्यकर्ता शिक्षकों तक पहुंचकर उनसे मतदान करने का अनुरोध कर रहे हैं।इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़, जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष बृजेश श्रीवास्तव और जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!