25 साल की सेवा, फिर भी नियमितीकरण नहीं
ईको गार्डन में HIV/AIDS कर्मियों का प्रदर्शन, भूख हड़ताल का ऐलान

लखनऊ।ईको गार्डन में शुक्रवार को प्रदेशभर के ART, ICTC, STI और OST केंद्रों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया।कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कई कर्मचारी करीब 25 वर्षों से सेवा दे रहे हैं और उनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक हो चुकी है।

ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि इस उम्र में नौकरी की सुरक्षा नहीं मिलने पर वे कहां जाएंगे और अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे।प्रदर्शनकारियों ने 20 हजार रुपये के मानदेय को महंगाई के दौर में अपर्याप्त बताया। उन्होंने कहा कि इस रकम में परिवार चलाना और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल है। कर्मचारियों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि सरकार 20 हजार रुपये को पर्याप्त मानती है तो सभी संविदा कर्मचारी अपना मानदेय सरकार को दान करने को तैयार हैं, सरकार इसी रकम में घर चलाकर दिखाए।

संघ के अनुसार, मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपने, मुख्यमंत्री को एक हजार पत्र भेजने और उपमुख्यमंत्री से करीब 20 बार संपर्क करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा, 20 प्रतिशत अतिरिक्त मानदेय, 30 लाख रुपये का बीमा, हटाए गए कर्मचारियों का समायोजन और म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा शामिल है।कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
l




